
■ वीवीएस सेंगर
उज्जैन। भूतभावन बाबा महाकाल के आंगन में विवाह उत्सव की धूम शुरू हो गई है। दरअसल भस्म रमाने वाले भूतभावन राजाधिराज बाबा महाकाल दूल्हा बन गए हैं। रविवार को बाबा महाकाल का हल्दी से उबटन किया गया और दूल्हा स्वरूप में श्रृंगार किया गया। इसके साथ ही महाकाल मंदिर में भगवान भोलेनाथ और माता पार्वती के विवाह का उत्सव शिव नवरात्रि की शुरुआत हो गई है।
रविवार को शिवनवरात्रि के पहले दिन भूतभावन बाबा महाकाल का हल्दी और चंदन से उबटन किया गया। इस दौरान 11 ब्राम्हणों ने वेद मंत्रोच्चार के साथ पूजन किया। उल्लेखनीय है महाकाल मंदिर में महा शिवरात्रि का पर्व भगवान महाकाल और माता पार्वती के विवाह उत्सव के रूप में नौ दिन पूर्व से मनाया जाता है। ऐसे में रोजाना बाबा महाकाल का हल्दी चंदन से उबटन कर दूल्हा स्वरूप में मनमोहक श्रृंगार किया जाता है। दूल्हा बने बाबा महाकाल के इन मनमोहक स्वरूपों का दर्शन करने के लिये शिव नवरात्रि के पूरे नौ दिन भक्तों की भीड़ उमड़ती है। मान्यता है कि शिव नवरात्रि में जो भक्त दूल्हा बने बाबा महाकाल के सभी स्वरूपों के दर्शन करता है भगवान महाकाल उसकी सभी मनोकामनाएं पूरी करते हैं।
412 total views
Design & Developed by | Eway IT Solutions Pvt Ltd.